*दीपावली पर ब्यावरवासियों को मिली पीएम ई-बस सेवा की बड़ी सौगात*

*नगर परिषद को मिली दो आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें*

विज्ञापन BDN Demo · In-article banner (300×250)

ब्यावर, 07 नवम्बर। दीपावली के पावन पर्व पर ब्यावर शहरवासियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के अंतर्गत नगर परिषद, ब्यावर को दो आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई गई हैं। इस सौगात से शहरवासियों में खुशी की लहर है।

इस अवसर पर नगर परिषद परिसर में आयोजित समारोह में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर पीएम ई-बस सेवा का शुभारंभ किया गया। 

कार्यक्रम के दौरान ब्यावर विधायक श्री शंकर सिंह रावत एवं सभापति श्रीमती पुष्पा जयकिशन बल्दुआ ने दोनों ई-बसों का निरीक्षण किया तथा हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इस अवसर पर बसों के चालक एवं परिचालकों का भी अभिनंदन किया गया।

*अब कम किराए में मिलेगी वातानुकूलित बस सेवा*

पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से ब्यावर शहरवासियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातानुकूलित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध होगी। इन बसों का संचालन ब्यावर रोडवेज बस स्टैंड से अजमेर तक किया जाएगा। इससे आमजन को कम किराए में आरामदायक एसी बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर विधायक श्री शंकर सिंह रावत ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा ब्यावर के विकास तथा आमजन की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पीएम ई-बस सेवा शहर के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

कार्यक्रम में सभापति श्रीमती पुष्पा जयकिशन जी बल्दुआ, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, नगर परिषद आयुक्त श्रीमती कीर्ति कुमावत, उपखंड अधिकारी  जयपाल सिंह राठौड़ एवं राजस्व अधिकारी मोहिन्द्र राय फुलवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।